
अल्मोड़ा। उत्तरांचल पर्वतीय कर्मचारी-शिक्षक संगठन के जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार जोशी और जिला सचिव धीरेन्द्र कुमार पाठक ने चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिलों के भुगतान में हो रही देरी तथा वार्षिक स्थानांतरण नीति के समय पर क्रियान्वयन न होने पर नाराजगी जताई है। वर्चुअल बैठक में उन्होंने कहा कि छह माह से अधिक समय से चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिल लंबित हैं और पिछले दो वर्षों से वार्षिक स्थानांतरण नहीं हुए हैं, जिससे कर्मचारियों में असंतोष बढ़ रहा है। बैठक में डिप्लोमा फार्मेसी एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष डी.के. जोशी ने स्वास्थ्य विभाग में पदोन्नति और एसीपी मामलों के लंबित रहने पर चिंता व्यक्त की। वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिगम्बर दत्त फुलोरिया ने बेसिक शिक्षा से राजकीय सेवा में आए शिक्षकों को चयन प्रोन्नत वेतनमान का लाभ दिए जाने की मांग उठाई। वक्ताओं ने विभिन्न लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण, कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान और पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर एकजुट होने का आह्वान किया। बैठक की अध्यक्षता डॉ. मनोज कुमार जोशी और संचालन धीरेन्द्र कुमार पाठक ने किया। इसमें विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी और सदस्य शामिल रहे।
