
अल्मोड़ा। वीआईपी भ्रमण, पर्यटन सीजन और कानून व्यवस्था के मद्देनजर मंगलवार को जिलेभर में पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 147 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई, जबकि एक वाहन सीज किया गया।
पुलिस के अनुसार प्रमुख चौराहों, बाजारों, जिला प्रवेश मार्गों, मुख्य सड़कों और संवेदनशील स्थानों पर वाहनों की जांच की गई। इस दौरान बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, ओवरस्पीडिंग, आवश्यक दस्तावेजों के अभाव और लापरवाही से वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
चेकिंग अभियान के दौरान भतरौजखान पुलिस ने एक वाहन को सीज भी किया। वहीं बिना पुलिस सत्यापन के रह रहे अथवा घूम रहे 21 बाहरी व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस ने अभियान के दौरान 29 बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन भी कराया। जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में चलाए गए इस अभियान में संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
