
रुद्रपुर(आरएनएस)। थाईलैंड में आयोजित ताइक्वांडो इंटरनेशनल टूर्नामेंट में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि ने देश और उत्तराखंड का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। स्कॉलर्स वैली इंटरनेशनल स्कूल, सितारगंज के विद्यार्थियों ने थाईलैंड में आयोजित 12वीं तीरक ताइक्वांडो इंटरनेशनल टूर्नामेंट में सात पदक जीतकर शानदार सफलता हासिल की। यह प्रतियोगिता 30 मई से थाईलैंड में आयोजित हुई थी। सभी खिलाड़ी गुरुवार सुबह सितारगंज पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। विद्यालय के छात्र नवजोत सिंह ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। वहीं यशमीत सिंह, सहजकीरत सिंह, मनकीरत सिंह, आलमजीत सिंह और दीपांशु कश्यप ने विभिन्न वर्गों में रजत पदक हासिल किए। टीम के कोच शिवचरण सिंह ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। गुरुवार को विद्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में कैबिनेट मंत्री बहुगुणा ने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में अपार प्रतिभा है और उसे निखारने में विद्यालय प्रबंधन की भूमिका सराहनीय है। उन्होंने कहा कि वह स्वयं भी गोल्फ में देश का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार खेलों को बढ़ावा देने तथा खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। इस मौके पर पालिकाध्यक्ष सुखदेव सिंह, विद्यालय प्रबंधक पलविंदर सिंह औलख, प्रधानाचार्य कमलजीत कौर, ग्राम प्रधान हरेंद्र सिंह, मनजीत सिंह, भूपेंद्र सिंह, सुमित कुमार, मनोज कुमार, हिमांशु मिस्त्री, सुखवंत कौर, मनप्रीत कौर, सुमन ओली, कविता भट्ट, हेमा भट्ट, पुष्पा शर्मा, गीता तिवारी और नरेंद्र बमराह सहित गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
