
अल्मोड़ा। उत्तरांचल पर्वतीय कर्मचारी शिक्षक संगठन ने राज्य सरकार से सभी विभागों में समान वार्षिक स्थानांतरण नीति लागू करने, पुरानी पेंशन बहाल करने तथा कर्मचारियों से जुड़े लंबित मामलों का शीघ्र समाधान करने की मांग की है। यह मांग लोक निर्माण विभाग कार्यालय में आयोजित संगठन की बैठक में उठाई गई। बैठक को संबोधित करते हुए संगठन के जिला अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार जोशी और जिला सचिव धीरेन्द्र कुमार पाठक ने कहा कि सरकार को पुरानी पेंशन बहाली के मुद्दे पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिगम्बर दत्त फुलोरिया ने कहा कि बेसिक संवर्ग से एलटी में समायोजित एवं पदोन्नत शिक्षकों की मांग से संबंधित प्रस्ताव को मंत्रिमंडल के समक्ष लाया जाना चाहिए, ताकि उन्हें पूर्व सेवा का लाभ मिल सके। उन्होंने बताया कि इस संबंध में 8 जून को देहरादून में बैठक आयोजित की जाएगी। लोक निर्माण विभाग मिनिस्टीरियल संवर्ग के अध्यक्ष टीका सिंह खोलिया ने कहा कि कर्मचारी हितों से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए निरंतर प्रयास आवश्यक हैं। शंकर सिंह ने पुरानी पेंशन बहाली के आंदोलन में कर्मचारियों की शत-प्रतिशत भागीदारी का आह्वान किया। उपाध्यक्ष महेश आर्य ने चतुर्थ श्रेणी के पदों को पुनर्जीवित करने, स्थानांतरण और पदोन्नति की व्यवस्था बहाल करने की मांग उठाई। मुख्य प्रशासनिक अधिकारी मातवर सिंह बर्थवाल ने पारस्परिक स्थानांतरण की व्यवस्था लागू करने, तहसील संबंधी प्रतिबंध हटाने तथा स्पष्ट शासनादेश जारी करने की आवश्यकता बताई। जिला सचिव धीरेन्द्र कुमार पाठक ने कहा कि कर्मचारियों से पहले नगदीकरण, फिर एलटीसी और पुरानी पेंशन जैसी सुविधाएं छीनी गईं और अब स्थानांतरण की व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने गोल्डन कार्ड की विसंगतियों को दूर करने और सभी विभागों में समान रूप से वार्षिक स्थानांतरण लागू करने की मांग की। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों के अधिकारों, पदोन्नति, राजपत्रित दर्जा, आहरण-वितरण अधिकार तथा विभिन्न संवर्गों के पुनर्गठन से जुड़े मुद्दे भी उठाए गए। वक्ताओं ने कर्मचारियों के हितों से जुड़े मामलों की नियमित समीक्षा और भ्रष्टाचार निवारण के लिए विभागीय स्तर पर बैठकें आयोजित किए जाने की भी मांग की। बैठक में महिपाल राजपूत, निर्मल सिंह, मातवर सिंह बर्थवाल, भीम सिंह लटवाल, मीनाक्षी तिवारी, पान सिंह, रमेश चंद्र सिंह, नंदन सिंह, शंकर सिंह, महेश आर्य, रामचंद्र पांडेय, गोपाल दत्त भट्ट, ललित मोहन भट्ट, अंकित तिवारी सहित अन्य कर्मचारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


