
रुद्रपुर(आरएनएस)। नगर पालिका के राजीव गांधी कम्युनिटी हॉल में मंगलवार को डीएम नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। इसमें प्रधान संघ के रुद्रपुर ब्लॉक अध्यक्ष वीरेंद्र यादव के नेतृत्व में ग्राम प्रधानों ने डीएम के समक्ष पेयजल संकट का मुद्दा उठाया। इस दौरान 115 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 47 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। तहसील दिवस में ग्राम प्रधानों ने आरोप लगाया कि जल जीवन मिशन के तहत प्रत्येक घर तक पेयजल पहुंचाने की योजना में ठेकेदारों ने अनियमितताएं बरती हैं। इसके कारण गांवों के अधिकांश घरों में पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है और लोगों को पेयजल के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा हैंडपंप लगाने पर रोक लगाए जाने से समस्या और गंभीर हो गई है। ग्राम प्रधानों ने डीएम से जल जीवन मिशन की योजनाओं को सुचारु रूप से पूरा कराने और पाइप लाइनों में हो रही लीकेज को तत्काल ठीक कराने की मांग की। इस दौरान समाज कल्याण, ऊर्जा निगम, पेयजल, भूमि, सीसी मार्ग, सड़क, सिंचाई, राजस्व, पुलिस, नगर पालिका और गैस विभाग से संबंधित 115 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 47 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। आदर्श नगर बंडिया के सुरेश प्रसाद चौहान ने क्षेत्र में 20 मीटर सड़क निर्माण की मांग की, जबकि कमलानगर चुटकी देवरिया के निवासियों ने 50 फीट कच्चे रास्ते को पक्का कराने का अनुरोध किया। ग्राम आनंदपुर के लोगों ने नाले की सफाई और सिसई वार्ड-3 के लियाकत अली ने खुले बिजली के तारों के स्थान पर इंसुलेटेड तार बिछाने की मांग रखी। इसके अलावा सिसई बंडिया में पाहा नहर की सफाई और कवरिंग कराने का भी अनुरोध किया गया। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को सभी शिकायतों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। तहसील दिवस में विधायक तिलकराज बेहड़, ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, सीडीओ दिवेश शाशनी, एसडीएम गौरव पांडे, तहसीलदार गिरीश चंद्र त्रिपाठी, सीएमओ डॉ. केके अग्रवाल, सीवीओ डॉ. आशुतोष जोशी, आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. आलोक शुक्ला, महाप्रबंधक उद्योग विपिन कुमार, मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेंद्र मिश्रा, मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. वीकेएस यादव, मुख्य उद्यान अधिकारी एसके शर्मा तथा अधिशासी अभियंता सिंचाई बीएस डांगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
