
रुड़की(आरएनएस)। गांव नागल पलूनी में गुरुवार को संरक्षित पशु की कुर्बानी का मामला सामने आया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने गांव के बाहरी हिस्से में स्थित एक मकान पर छापा मारकर भारी मात्रा में संदिग्ध मांस बरामद किया। कार्रवाई के दौरान एक महिला को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि मौके का फायदा उठाकर अन्य आरोपी फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक, बकरीद के दिन मुखबिर से सूचना मिली थी कि गांव नागल पलूनी में एक मकान के अंदर संरक्षित पशु की कुर्बानी दी जा रही है। सूचना पर इमलीखेड़ा चौकी प्रभारी शहजाद अली पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और छापेमारी की। छापे के दौरान करीब 150 किलो संदिग्ध मांस और पशु काटने में इस्तेमाल करने वाले उपकरण बरामद किए गए। पुलिस ने मौके पर मिले मांस को गड्ढा खुदवाकर जमीन में दबवा दिया है। साथ ही पशु चिकित्सक को बुलाकर मांस के नमूने लिए गए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी ने बताया कि गिरफ्तार महिला समेत शमीम, तालिब, शमसु, कुर्बान, इकबाल, मेहरबान और अफरोज निवासी नागल पलूनी के खिलाफ गोवंश संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार महिला को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

