
हरिद्वार(आरएनएस)। कनखल थाना क्षेत्र के जगजीतपुर स्थित राजविहार कॉलॉनी में एक गोशाला और घर में घुसकर लूटपाट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने 40 से 50 लोगों पर जबरन गोशाला और घर में घुसकर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी ले जाने का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस को दी तहरीर में बताया गया कि मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे कई लोग जगजीतपुर स्थित गोशाला में जबरन घुस आए। आरोप है कि वहां रह रहे परिवार के घर में रखे लॉकर से लाखों रुपये के जेवरात और दो लाख रुपये नकद निकाल लिए गए। पीड़ित परिवार के अनुसार नकदी और जेवरात घर में होने वाले विवाह के लिए रखे गए थे। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने दहशत फैलाने के लिए हथियार भी लहराए। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित पक्ष का दावा है कि मौके से एक व्यक्ति को पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया है। साथ ही एक बोलेरो वाहन भी कब्जे में लेकर पुलिस को सौंपा गया। कनखल कोतवाली के एसएसआई अनुज सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

