
अल्मोड़ा। नगर के लोअर माल रोड स्थित एसएसजे परिसर गेट के पास सोमवार रात हुए सड़क हादसे में घायल युवक की मंगलवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे में उसका साथी भी घायल हुआ था।
जानकारी के अनुसार बख गांव निवासी संदीप आर्या अपने दोस्त विजय कुमार का जन्मदिन मनाने के लिए होटल गए थे। देर रात दोनों स्कूटी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान लोअर माल रोड स्थित न्यू इंदिरा कॉलोनी के पास तीव्र मोड़ पर स्कूटी अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कूटी की रफ्तार तेज थी और दोनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहना था। हादसे में संदीप आर्या के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं, जबकि विजय कुमार के पैर और छाती में चोट लगी।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने दोनों घायलों को मेडिकल कॉलेज स्थित बेस अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने संदीप की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं घायल विजय कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

