
अल्मोड़ा। जिला पंचायत की गुरुवार को हुई बैठक में बजट आवंटन को लेकर सदस्यों ने नाराजगी जताते हुए हंगामा किया। सदस्यों ने आरोप लगाया कि उनके क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए पर्याप्त धनराशि आवंटित नहीं की जा रही है और बजट आवंटन में क्षेत्रों की अनदेखी हो रही है।
सदस्यों ने जिले के सभी 45 जिला पंचायत क्षेत्रों में अब तक आवंटित धनराशि का पूरा विवरण सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने पूछा कि प्रत्येक क्षेत्र में कितनी धनराशि मंजूर और जारी की गई तथा कितना बजट खर्च हुआ। सदस्यों ने जिला पंचायत बोर्ड पर बजट के गलत इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए क्षेत्रवार खर्च का विवरण उपलब्ध कराने और बजट आवंटन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।
मामला बढ़ने पर नाराज सदस्य बैठक का बहिष्कार कर सदन से बाहर चले गए। हंगामे के बीच जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा ने सदस्यों को शांत कराया और उनके उठाए मुद्दों तथा बजट संबंधी शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया।
बैठक में हुए विवाद के बाद अब जिला पंचायत के सभी 45 क्षेत्रों में बजट आवंटन और खर्च का विवरण चर्चा का विषय बना हुआ है। सदस्यों ने विकास कार्यों के लिए आवंटित धनराशि की जानकारी पारदर्शी तरीके से सामने रखने की मांग की है।

