
अल्मोड़ा। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ अभियान के तहत पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए एक होटल संचालक को गिरफ्तार किया है, जबकि एक कार से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के के निर्देश पर जिलेभर में नशा तस्करों और अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। पहले मामले में शनिवार को थानाध्यक्ष भतरौजखान अवनीश कुमार ने पुलिस टीम के साथ चेकिंग के दौरान ग्राम कमेटपानी स्थित एक होटल में छापा मारा। यहां होटल संचालक सुरेंद्र सिंह जमनाल को अवैध रूप से शराब पिलाते और बेचते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने मौके से विभिन्न ब्रांड की शराब की बोतलें, शराब से भरे प्लास्टिक गिलास और खाली बोतलें बरामद कीं। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। दूसरे मामले में रविवार तड़के प्रभारी निरीक्षक योगेश चंद्र उपाध्याय के नेतृत्व में कोतवाली अल्मोड़ा पुलिस टीम एनटीडी क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इस दौरान पुलिस को एक संदिग्ध कार खड़ी दिखाई दी। पुलिस टीम को देखकर वहां मौजूद व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो कार की डिग्गी से छह पेटियों में कुल 276 पव्वे अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है। कार्रवाई करने वाली टीम में अपर उपनिरीक्षक नवीन सिंह, अपर उपनिरीक्षक सुरेश चंद्र, हेड कांस्टेबल ईश्वर सिंह, कांस्टेबल विनोद कुमार और होमगार्ड रमेश चंद्र पांडे शामिल रहे।

