
देहरादून(आरएनएस)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अनुमोदन के बाद प्रदेश के सभी 13 जनपदों को जिला योजना के अंतर्गत विकास कार्यों के लिए कुल 1018.21 करोड़ रुपये की धनराशि आवंटित की गई है। इसमें अनुसूचित जाति उपयोजना के तहत 200.22 करोड़ रुपये, अनुसूचित जनजाति उपयोजना के लिए 30 करोड़ रुपये तथा सामान्य मद में 787.97 करोड़ रुपये शामिल हैं।
गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में जिला योजना के लिए 1010.23 करोड़ रुपये जारी किए गए थे, जिसके सापेक्ष मार्च 2026 तक 996.72 करोड़ रुपये व्यय किए गए। शेष धनराशि वित्त विभाग को वापस कर दी गई थी।
जनपदवार आवंटन में पौड़ी को सर्वाधिक 119.97 करोड़ रुपये दिए गए हैं। देहरादून को 99.39 करोड़ रुपये, टिहरी को 95.21 करोड़ रुपये, चम्पावत को 76.91 करोड़ रुपये, उत्तरकाशी को 76.54 करोड़ रुपये और अल्मोड़ा को 74.73 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।
इसके अलावा नैनीताल को 70.18 करोड़ रुपये, ऊधमसिंह नगर को 74.13 करोड़ रुपये, पिथौरागढ़ को 71.73 करोड़ रुपये, बागेश्वर को 59.61 करोड़ रुपये, चमोली को 74.23 करोड़ रुपये, रुद्रप्रयाग को 58.15 करोड़ रुपये तथा हरिद्वार को 67.35 करोड़ रुपये की धनराशि दी गई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जिला योजना के माध्यम से स्थानीय जरूरतों के अनुसार आधारभूत संरचना, ग्रामीण विकास, पेयजल, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य जनोपयोगी योजनाओं को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार संतुलित और समावेशी क्षेत्रीय विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

