

हल्द्वानी(आरएनएस)। उत्तराखंड अर्बन सेक्टर डेवलपमेंट एजेंसी (यूयूएसडीए) की ओर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों से सड़कों में गड्ढे और अधूरे निर्माण कार्यों को लेकर कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने मामले में निर्माण कार्यों को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी है। साथ ही निर्माण एजेंसी से जुड़े अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। कुमाऊं कमिश्रनर रावत ने सचिव जिला विकास प्राधिकरण, नगर आयुक्त हल्द्वानी, एसडीएम और सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी को पत्र के माध्यम से निर्देश दिए हैं कि शहर में यूयूएसडीए के कार्यों के कारण क्षतिग्रस्त और गड्ढों वाली सड़कों का निरीक्षण किया जाए। क्षतिग्रस्त सड़कों की शत-प्रतिशत फोटोग्राफी कर विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि जहां कार्य अधूरे हैं या आमजन को आवाजाही में दिक्कत हो रही है, वहां त्वरित सुधारात्मक कार्य शुरू कराए जाएं। विकास कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि सड़क खोदने के बाद पुनर्निर्माण का कार्य समय पर पूरा कराया जाए। निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन भी सुनिश्चित किया जाए। जिससे आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान जिन स्थानों पर गंभीर लापरवाही और कार्यों में अनियमितता पाई जाए, उसकी स्पष्ट रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए। कमिश्नर ने का है कि मामले में वह स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की वास्तविक स्थिति का जायजा लेंगे।

