
रुड़की(आरएनएस)। क्षेत्र के कई लोगों को एक कंपनी ने विश्वास में लेकर धन दोगुना करने का लालच दिया और करोड़ों रुपये निवेश करवाए। इसके बाद कंपनी के डूबने पर पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लक्सर कोतवाली क्षेत्र के अकौढ़ा कला गांव निवासी विकास कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि एक व्यक्ति के माध्यम से उनकी मुलाकात एक कंपनी के कर्मचारियों से कराई गई, जिन्होंने धन दोगुना करने का लालच दिया। आरोप है कि कंपनी के लोगों ने भरोसा दिलाया कि यह एक अंतरराष्ट्रीय स्कीम है, जो लंबे समय से चल रही है। इसके बाद विकास कुमार को कंपनी से जोड़ दिया गया। उनका कहना है कि उन्होंने कंपनी में 10 लाख रुपये से अधिक निवेश कर दिए। इस दौरान उनके बेटे और पत्नी को भी इस योजना से जोड़ा गया। कस्बे के एक अन्य युवक ने भी कंपनी में लोगों को जोड़ने का काम किया, जिससे क्षेत्र के कई लोग इस कंपनी से जुड़ गए।

