
अल्मोड़ा। उत्तरांचल फेडरेशन ऑफ मिनिस्टीरियल सर्विसेज एसोसिएशन उत्तराखंड जनपद अल्मोड़ा की ओर से कर्मचारियों की 12 सूत्रीय मांगों को लेकर दर्जा राज्यमंत्री कुंदन सिंह लटवाल को ज्ञापन सौंपा गया। संगठन के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने चौघानपाटा स्थित गांधी पार्क में दर्जा राज्यमंत्री को मांग पत्र सौंपकर मांगों पर कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन सौंपने वालों में कार्यवाहक जिला अध्यक्ष ललित मोहन भट्ट, जिला सचिव महेंद्र सिंह गुसाईं, फेडरेशन कुमाऊं मंडल के पूर्व अध्यक्ष धीरेंद्र कुमार पाठक, एजुकेशनल मिनिस्टीरियल ऑफिसर्स एसोसिएशन जनपद अल्मोड़ा के अध्यक्ष पान सिंह मेर और सचिव दुर्गा नेगी समेत रोहित जोशी, सुशील फर्त्याल, मीनाक्षी तिवारी, एनके खुल्बे, अंकित तिवारी, नंदू, राजेंद्र सिंह, विजय सिंह, हरि सिंह, दिनेश चंद्र तिवारी, नंदन सिंह, ललित प्रसाद, विमल जीना, भीम सिंह, रमेश चंद्र पांडेय, राजू लटवाल, मनीष तिवारी, अभी जोशी, हिमांशु रावत, शंकर सिंह और भास्कर पांडे मौजूद रहे। दर्जा राज्यमंत्री कुंदन सिंह लटवाल ने मौके पर ही कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा से दूरभाष पर वार्ता कराई। कैबिनेट मंत्री ने कर्मचारियों की मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष भेजने और सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। दर्जा राज्यमंत्री कुंदन सिंह लटवाल ने कहा कि कार्मिकों की मांगों पर हर संभव कार्रवाई की जाएगी।

