
रुद्रपुर(आरएनएस)। जिले में आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और उनकी समस्याओं के मौके पर समाधान के लिए 25 सितंबर से 18 अक्टूबर तक बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन किया जाएगा। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने इसके लिए अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। शिविरों में केंद्र सरकार की 26 प्रमुख योजनाओं के साथ राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। पात्र लोगों के आवेदन मौके पर कराकर उन्हें योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा। अभियान के तहत 25 सितंबर को पंचायत घर भरतपुर, जसपुर, 26 सितंबर को राजकीय इंटर कॉलेज रोशनपुर, गदरपुर और 28 सितंबर को गुरु नानक इंटर कॉलेज, नानकमत्ता में शिविर होगा। इसके बाद 29 सितंबर को राजकीय प्राथमिक विद्यालय पन्तपुरा, किच्छा, 30 सितंबर को कुण्डेश्वरी, बाजपुर, एक अक्टूबर को रुद्रावाला, सितारगंज, तीन अक्टूबर को रमगढा ग्राउंड सितारगंज, पांच अक्टूबर को राजकीय इंटर कॉलेज बैलपड़ावाला, काशीपुर और सात अक्टूबर को श्री गुरुद्वारा टकनपुरा में शिविर प्रस्तावित है। 28 सितंबर को नानकमत्ता में प्रभारी मंत्री की मौजूदगी में विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविरों में स्वास्थ्य जांच, प्रमाणपत्र, पेंशन, आवास, श्रम कार्ड सहित अन्य योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण कर समस्याओं का समाधान भी किया जाएगा।

