
अल्मोड़ा। नगर स्थित एक निजी नर्सिंग कॉलेज में छात्रों और प्रबंधन के बीच विवाद का मामला सामने आया है। छात्रों ने कॉलेज प्रबंधक पर अभद्रता और प्रताड़ना के आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पूरे दिन परिसर में तनाव का माहौल बना रहा।
शुक्रवार को छात्रों ने डायल 112 पर सूचना देकर पुलिस को मौके पर बुलाया। आरोप है कि इंटर्नशिप के दौरान एक छात्र द्वारा शिक्षक की आपत्तिजनक फोटो खींचे जाने के बाद विवाद शुरू हुआ, जो अगले दिन कॉलेज खुलने पर बढ़ गया। छात्रों का कहना है कि विवाद के दौरान एक शिक्षक और प्रबंधक ने सजा के तौर पर छात्र की पैंट उतरवाने और गाली-गलौच करने जैसी हरकत की, जिससे अन्य छात्र आक्रोशित हो गए।
दिनभर छात्रों और कॉलेज प्रशासन के बीच विवाद चलता रहा। छात्रों ने मामले में कार्रवाई की मांग उठाई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
कवरेज के दौरान पत्रकारों से अभद्रता का आरोप
मामले की कवरेज के दौरान कॉलेज प्रबंधन पर पत्रकारों के साथ अभद्रता करने का भी आरोप लगा है। पत्रकारों ने इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग की है।
पत्रकार संगठनों ने जताया विरोध
इस घटना पर पत्रकार संगठनों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। नेशनलिस्ट यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (NUJ) ने घटना की निंदा करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। संगठन का कहना है कि पत्रकारों के साथ इस तरह का व्यवहार प्रेस की स्वतंत्रता के खिलाफ है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
यूनियन पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदेश स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।

