
अल्मोड़ा। जनपद में सड़क, पेयजल और खेल मैदान सहित विभिन्न विकास कार्यों से जुड़े वन भूमि हस्तांतरण प्रकरणों की समीक्षा को लेकर विकास भवन सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने की। बैठक में जिलाधिकारी ने विभागवार लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मामलों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी स्वीकार्य नहीं है और सभी औपचारिकताओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क, पेयजल और खेल मैदान जैसी मूलभूत सुविधाएं आमजन की जरूरतों से सीधे जुड़ी हैं, इसलिए इन परियोजनाओं में वन भूमि से संबंधित बाधाओं को आपसी समन्वय से दूर किया जाना जरूरी है। जिलाधिकारी ने विभागों को वन विभाग के साथ नियमित समन्वय बनाए रखने और प्रकरणों की प्रगति की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए।बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि जिन प्रकरणों में किसी प्रकार की कमी या आपत्ति है, उन्हें तत्काल दूर कर पुनः प्रस्तुत किया जाए, ताकि स्वीकृति की प्रक्रिया में विलंब न हो सके। उन्होंने कहा कि सभी विभाग सक्रियता और समन्वय के साथ कार्य करें, जिससे विकास कार्यों को गति मिले और आमजन को शीघ्र लाभ प्राप्त हो। बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी दीपक सिंह, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

