
चतरा। जिले के सदर थाना क्षेत्र स्थित भोज्या गांव में तालाब में डूबने से एक महिला और उसकी दो मासूम बेटियों की मौत हो गई। घटना के बाद शोक में डूबे परिजनों के बीच अस्पताल में पोस्टमार्टम के नाम पर अवैध वसूली का मामला सामने आने से प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठे हैं।
जानकारी के अनुसार, तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां एक सफाईकर्मी पर परिजनों से पांच हजार रुपये लेने का आरोप लगा है। बताया गया कि राशि नकद और ऑनलाइन दोनों माध्यमों से ली गई। मामले की जानकारी मिलने पर सिविल सर्जन सत्येंद्र सिंहा ने प्रारंभिक जांच में अवैध वसूली की पुष्टि की है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त रवि आनंद ने जांच के आदेश दिए हैं। उनके निर्देश पर सदर एसडीओ जहुर आलम के नेतृत्व में चार सदस्यीय जांच टीम गठित की गई है, जिसमें सिविल सर्जन, अस्पताल उपाधीक्षक और प्रबंधक को शामिल किया गया है। टीम को 24 घंटे के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार की घटना को गंभीर अपराध मानते हुए दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध सेवा समाप्ति और प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि मामले में अन्य किसी की संलिप्तता तो नहीं है।


