
हरिद्वार (आरएनएस)। नौकरी के लिए इंटरव्यू देने हरिद्वार आए एक युवक का शव गंग नहर में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान यश ओझा (25) निवासी कौशांबी, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है, जो नौ अप्रैल से लापता बताया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार युवक हरिद्वार की एक निजी कंपनी में इंटरव्यू देने आया था। उसका शव ज्वालापुर क्षेत्र में रेगुलेटर पुल के पास गंग नहर से बरामद हुआ। बताया गया कि युवक को आखिरी बार नगर कोतवाली क्षेत्र के एक होटल में देखा गया था।
ज्वालापुर कोतवाल चंद्रभान सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक हादसे का शिकार हुआ या उसने खुद छलांग लगाई।
पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और परिजनों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

