
रुद्रपुर(आरएनएस)। जनगणना 2027 के तहत डिजिटल प्रक्रिया को बढ़ावा देते हुए मेयर विकास शर्मा ने स्वयं की स्व-गणना पूरी कर नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। उन्होंने कहा कि देश में पहली बार पूरी तरह डिजिटल जनगणना कराई जा रही है, जो पारदर्शिता, सटीकता और व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करेगी। मेयर ने बताया कि जनगणना के पहले चरण में हाउस लिस्टिंग और हाउसिंग जनगणना की जा रही है। इसके तहत आवासीय स्थिति, नागरिक सुविधाओं और घरेलू विवरणों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी एकत्र की जा रही है। इस बार सरकार की ओर से स्व-गणना की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
इससे नागरिक स्वयं ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से न केवल प्रक्रिया सरल और त्रुटिरहित बनेगी, साथ ही समय की भी बचत होगी। साथ ही सरकारी तंत्र पर भार भी कम पड़ेगा। मेयर ने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े भविष्य की नीतियों के निर्माण में अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वह आगे आकर स्व-गणना पोर्टल का उपयोग करें और सही जानकारी दर्ज कर इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाएं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान एकत्रित सभी आंकड़ों की सुरक्षा के लिए कड़े प्रावधान किए गए हैं और इनका उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए ही किया जाएगा। डिजिटल जनगणना की यह पहल भविष्य की योजनाओं को अधिक प्रभावी और जनहितकारी बनाने में सहायक सिद्ध होगी।

