
उत्तरकाशी(आरएनएस)। नगर क्षेत्र में रसोई गैस की किल्लत लगातार बढ़ रही है। शनिवार को गैस मिलने की उम्मीद में बड़ी संख्या में उपभोक्ता रामलीला मैदान में लाइन लगाकर इंतजार करते रहे लेकिन आपूर्ति नहीं हो सकी। कई लोग पूरी रात कतार में खड़े रहे और रविवार सुबह तक भी लाइन लगी रही। गैस गाड़ी तो पहुंची लेकिन इसके बाद भी कई उपभोक्ता खाली हाथ लौटे। रविवार को बड़कोट में भारत गैस की एक गाड़ी पहुंची लेकिन भारी भीड़ के चलते अधिकांश उपभोक्ताओं को गैस नहीं मिल सकी। भीड़ इतनी ज्यादा थी कि स्थिति को संभालने के लिए पुलिस बल की मौजूदगी में गैस वितरण कराया गया। वहीं, इंडेन गैस की गाड़ी न पहुंचने से लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। बीते कई दिनों से इंडेन गैस की गाड़ी बड़कोट नहीं पहुंचने से उपभोक्ता परेशान हैं। गैस संकट का असर स्थानीय होटल और ढाबा संचालकों पर भी साफ दिख रहा है जिनका कामकाज लगभग ठप पड़ गया है। वहीं, आम लोगों के सामने रोजमर्रा के भोजन की समस्या खड़ी हो गई है। व्यापार मंडल के जिला महामंत्री सुरेंद्र सिंह रावत, नगर महामंत्री सोहन गैरोला सहित नागरिकों ने प्रशासन से जल्द गैस आपूर्ति सुचारू कराने की मांग की है। उनका कहना है कि अकेले यमुनोत्री धाम के प्रमुख पड़ाव नगर पालिका बड़कोट में अभी तक आधा दर्जन होटल ढाबे सिलिंडर नहीं मिलने से बंद हो गए हैं जिससे कई परिवारों के समक्ष रोजी-रोटी का संकट गहरा गया है।

