
अल्मोड़ा। स्याल्दे क्षेत्रवासियों के लिए 29 मार्च को राजकीय इंटर कॉलेज उपरैखाल (पौड़ी गढ़वाल) में निःशुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा। यंग उत्तराखंड एवं जीआर चेरिटेबल हेल्थ ट्रस्ट स्याल्दे के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह शिविर सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगा। शिविर में नेत्र जांच, मोतियाबिंद जांच और रेटिना जांच सहित आधुनिक मशीनों से आंखों की जांच की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा ईसीजी, डिजिटल एक्स-रे, बीपी और शुगर जांच के साथ खून की विभिन्न जांचें जैसे सीबीसी, एलएफटी, केएफटी, लिपिड प्रोफाइल, थायराइड, एचबीए1सी, कैल्शियम, आयरन प्रोफाइल तथा विटामिन बी12 और डी3 की जांच भी निःशुल्क की जाएगी। शिविर में हड्डी रोग विशेषज्ञ, जनरल फिजिशियन और नेत्र रोग विशेषज्ञों की टीम मौजूद रहेगी। जरूरतमंद मरीजों के लिए काशीपुर में निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिसके लिए आने-जाने की व्यवस्था भी निःशुल्क रहेगी। साथ ही मरीजों को दवाइयां, हेल्थ सप्लीमेंट और नजदीक व दूर के चश्मे भी प्रदान किए जाएंगे। आयोजकों और सहयोगी संस्था केडब्ल्यू ग्रुप ने क्षेत्र के लोगों से शिविर में पहुंचकर अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।

