
अल्मोड़ा। जिले में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की किल्लत से व्यापारियों और होटल व्यवसायियों की परेशानी बढ़ गई है। इस समस्या को लेकर प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल और नगर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने होटल व्यवसायियों के साथ जिलाधिकारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपते हुए जल्द समाधान की मांग की। व्यापारियों ने बताया कि सिलेंडरों की आपूर्ति बाधित होने से रेस्टोरेंट और होटल व्यवसाय प्रभावित हो रहे हैं और कई छोटे प्रतिष्ठान बंद होने की कगार पर पहुंच गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि आपूर्ति न होने के बीच खाद्य पूर्ति विभाग की छापेमारी से व्यापारियों में भय और असमंजस की स्थिति बनी हुई है। व्यापारियों ने मांग की कि जब तक सिलेंडरों की किल्लत दूर नहीं होती, तब तक छापेमारी पर रोक लगाई जाए और आपूर्ति सामान्य होने तक घरेलू सिलेंडरों के सीमित उपयोग की अनुमति दी जाए। उनका कहना था कि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं होने पर व्यापारियों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो सकता है। जिलाधिकारी ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि अगले तीन से चार दिनों में कमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति में सुधार किया जाएगा और स्थिति को सामान्य करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने व्यापारियों से संयम बनाए रखने की अपील की। इस दौरान व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुशील साह, जिला महामंत्री भैरव गोस्वामी, संयुक्त महामंत्री दिनेश मठपाल, जिला संरक्षक संजीव गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। वहीं होटल व्यवसाय से जुड़े राकेश तिवारी, अशोक गोस्वामी, वकुल साह, अश्विन नेगी, अजीत कार्की, हरविंदर सिंह, मंजुल मित्तल, गोविंद बिष्ट सहित कई व्यापारी भी उपस्थित रहे।


