
रुद्रपुर(आरएनएस)। रुद्रपुर निवासी एक महिला ने अपने पति पर उसके आधार और पैन कार्ड का दुरुपयोग कर फर्जी तरीके से आयकर रिटर्न दाखिल कराने का आरोप लगाया है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने पति, सास और ननद के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। रुद्रपुर निवासी नीतू बत्रा ने कोर्ट में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनका पति प्रदीप सिंह उर्फ दीपू उर्फ राज के साथ वर्ष 2024 से पारिवारिक विवाद चल रहा है। इस संबंध में घरेलू हिंसा, भरण-पोषण और दहेज उत्पीड़न के मामले पहले से ही रुद्रपुर की विभिन्न अदालतों में विचाराधीन हैं। आरोप है कि भरण-पोषण के मामले में जब उनके पति ने अदालत में अपना जवाब दाखिल किया तो उसके साथ वर्ष 2023-24 का आयकर रिटर्न भी संलग्न किया, जबकि उन्होंने कभी आयकर रिटर्न दाखिल नहीं किया। नीतू का कहना है कि उनके पति ने भरण-पोषण की राशि से बचने के उद्देश्य से उनके आधार और पैन कार्ड का दुरुपयोग कर फर्जी तरीके से आयकर रिटर्न तैयार कराया और उसमें अपना मोबाइल नंबर दर्ज करा दिया, ताकि उससे संबंधित संदेश उसी के फोन पर आएं। आरोप है कि घर से निकालने के दौरान उनके जेवरात, स्त्रीधन, शैक्षिक प्रमाणपत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक और अन्य जरूरी दस्तावेज ससुराल पक्ष ने अपने पास रख लिए थे। उनको आशंका है कि उनके दस्तावेजों और स्त्रीधन का दुरुपयोग किया जा सकता है। सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि कोर्ट के आदेश के बाद कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने पति प्रदीप सिंह, सास सुरजीत कौर और ननद रोशनी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

