
रुद्रपुर(आरएनएस)। प्राचीन अटरिया मंदिर से चोरों ने दानपात्र चोरी कर लिया। गुरुवार सुबह पुजारी को दानपात्र गायब मिला, जिसके बाद मंदिर प्रबंधन ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में दो युवक दानपात्र उठाकर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। घटना का भी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। गुरुवार सुबह सूचना मिलने पर सिडकुल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी ने भी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान मंदिर से कुछ दूरी पर कल्याणी नदी किनारे दानपात्र खाली पड़ा मिला। मौके से चोरों द्वारा मुंह पर बांधा गया कपड़ा भी बरामद हुआ। दानपात्र में रखी नकदी गायब थी। मंदिर प्रबंधक अरविंद शर्मा के अनुसार, मंदिर में रखे पांच दानपात्रों में करीब 80 से 90 हजार रुपये होने का अनुमान है। चोरी हुए दानपात्र में भी हजारों की रकम थी। कोतवाल मनोज रतूड़ी ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है। जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

