
हरिद्वार(आरएनएस)। सिडकुल थाना क्षेत्र के नवोदय नगर में दिनदहाड़े चोरी की वारदात सामने आई है। गंगोडिया रियल्टी के कार्यालय से चांदी की दो मूर्तियां चोरी कर ले जा रहे चार युवकों को कार्यालय संचालक और उनके साथियों ने मौके पर ही पकड़ लिया। सूचना पर पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे की है। गंगोडिया रियल्टी के संचालक अजय पाल सिंह ने बताया कि वह कार्यालय में मौजूद थे। चार युवक कार्यालय के अंदर घुसे और चांदी की दो मूर्तियां चोरी कर बाहर निकलने लगे। शक होने पर कार्यालय कर्मियों ने उन्हें रोक लिया और पकड़ने का प्रयास किया। आरोपियों में शामिल अरुण भागने की कोशिश करने लगा। दौड़ते समय वह पत्थर से टकरा गया। इससे उसकी नाक में चोट आ गई। इसके बाद चारों को काबू कर लिया गया। पकड़े गए युवकों की पहचान अरुण पुत्र गौतम, प्रियांशु राजपूत पुत्र प्रमोद, शिवम पुत्र श्याम और विजय पुत्र सुरेश के रूप में हुई है। सभी आरोपी नवोदय नगर क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलने पर सिडकुल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। चारों आरोपियों को चोरी की गई चांदी की मूर्तियों सहित थाने ले आई। कार्यालय संचालक अजय पाल सिंह की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस घटना से क्षेत्र के व्यापारियों में दहशत का माहौल है। एसओ नितेश शर्मा ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

