
हल्द्वानी(आरएनएस)। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने केंद्रीय बजट 2026 को देश की आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक चुनौतियों का समाधान देने में असफल बताया। उन्होंने कहा कि इस बजट में न स्पष्ट नीति-दृष्टि दिखाई देती है और न ही राजनीतिक इच्छाशक्ति। उन्होंने टिप्पणी की कि सरकार का ‘मिशन मोड’ अब ‘चैलेंज रूट’ बन चुका है और ‘रिफॉर्म एक्सप्रेस’ शायद ही किसी वास्तविक सुधार के स्टेशन पर रुकती है। रविवार को केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए नेता प्रतिपक्ष आर्य ने कहा कि किसान आज भी सार्थक कल्याणकारी सहायता और आय सुरक्षा योजना की प्रतीक्षा कर रहे हैं, जबकि बढ़ती आर्थिक असमानता पर बजट में कोई ठोस प्रावधान नहीं दिखता। उन्होंने अनुसूचित जाति, जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग और अल्पसंख्यक समुदायों के लिए विशेष राहत के अभाव पर भी चिंता जताई। वित्त आयोग की सिफारिशों पर उन्होंने कहा कि उनका विस्तृत अध्ययन जरूरी है, किंतु प्रारंभिक संकेत राज्यों के वित्तीय संकट को दूर करने वाले नहीं दिखते, जिससे संघीय ढांचे पर भी असर पड़ सकता है।

