
देहरादून। मैदानी क्षेत्रों में शीतकालीन अवकाश पूरे होने के बाद अब बच्चों की ऑनलाइन पढ़ाई शुरू हो गई है। वहीं कक्षा 10 और कक्षा 12 के बच्चों की ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों मोड में पढ़ाई शुरू हो गई है।
मैदानी क्षेत्रों में 14 जनवरी तक शीतकालीन अवकाश था। इसके बाद अब स्कूलों में पढ़ाई शुरू हो गई है। सरकारी स्कूलों में कक्षा 10 और कक्षा 12 के बच्चों को स्कूल में ऑफलाइन पढ़ाया जा रहा है। जो बच्चे स्कूल नहीं आ पा रहे हैं उन्हें ऑनलाइन पढ़ाया जा रहा है। सीबीएसई और राज्य सरकार से मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों ने भी बच्चों की ऑनलाइन पढ़ाई शुरू करा दी है। हालांकि निजी स्कूलों में कक्षा 10 और कक्षा 12 के बच्चे नहीं आ रहे हैं। इसलिए सभी बच्चों को ऑनलाइन पढ़ाई कराई जा रही है। पब्लिक स्कूल एसोसिएशन के महासचिव मणि पुष्पक जोशी ने बताया कि सभी स्कूलों में ऑनलाइन पढ़ाई चल रही है। अधिकांश स्कूलों ने हाईस्कूल और इंटर के बच्चों का कोर्स पूरा करा लिया है। जहां कोर्स पूरा नहीं हुआ है वहां पूरा कराया जा रहा है। जहां पूरा हो चुका है वहां रिवीजन कराया जा रहा है।

