
पिथौरागढ़(आरएनएस)। ऋषिकेश एम्स में नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी करने के आरोपी को पुलिस ने झारखंड से गिरफ्तार किया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक तीन फरवरी 2024 को थल निवासी जगत सिंह ने मामले में दो लोगों के खिलाफ तहरीर दी थी। तहरीर में कहा था कि वर्ष 2018 में मोहम्मद जावेद निवासी कोटवा गोपालगंज बिहार और उसके साथी कन्हैय्या भगत निवासी पूर्णिया सिटी, पूर्णिया बिहार ने उनकी बेटी को एम्स ऋषिकेश में स्टाफ नर्स पद पर नौकरी दिलाने का वायदा किया। नौकरी दिलाने के नाम पर उनसे 6 लाख 25 हजार की धनराशि ली, लेकिन इसके बावजूद उनकी बेटी को नौकरी नहीं मिली। धनराशि वापस मांगने पर आरोपियों की तरफ से उन्हें धमकी दी जा रही है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने थल थाने में भादंवि की धारा 420, 467, 468, 506 व 120बी के तहत मुकदमा दर्ज किया था। मामले में मुकदमा दर्ज करने के बाद एसपी रेखा यादव के निर्देश पर थानाध्यक्ष अम्बी राम व एसओजी प्रभारी मनोज पाण्डे के नेतृत्व में टीम ने जांच की। जांच में आरोपी कन्हैय्या भगत के झारखंड में होने की बात सामने आई। गुरुवार को पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी कन्हैय्या भगत को झारखंड से गिरफ्तार कर लिया। टीम में हेड कांस्टेबल राजेश कुमार, हेम चन्द्र सिंह, कांस्टेबल सोनू कार्की, कमल तुलेरा आदि शामिल रहे।


