
पिथौरागढ़(आरएनएस)। मुख्य शिक्षाधिकारी के साथ अभद्रता करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर एजुकेशनल मिनिस्ट्रीयल ऑफिसर्स एसोसिएशन के कर्मचारी शुक्रवार को भी धरने पर डटे रहे। एसोसिएशन के सदस्यों ने प्रदर्शन के दौरान कहा कि घटना को कई दिन हो गए हैं, लेकिन अब तक संबंधित लोगों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है। नगर के टकाना स्थित शिक्षा विभाग कार्यालय परिसर में एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह राणा के नेतृत्व में कर्मचारी एकत्र हुए। इस दौरान उन्होंने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया और धरने पर बैठ गए। वक्ताओं ने कहा कि बीते आठ अगस्त को वर्तमान में निलंबित चल रहे सहायक अध्यापक अपने साथ कुछ अन्य लोगों को लेकर कार्यालय पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सीईओ के साथ अभद्रता करते हुए एससी-एसटी के तहत बंद कराने की धमकी दी। कार्यालय में इस तरह के माहौल से कर्मचारियों में भय का माहौल है। प्रांतीय उपाध्यक्ष सौरभ चंद ने कहा कि इस घटना के अगले दिन संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर पुलिस अधीक्षक को भी ज्ञापन दिया। मामले में केवल अब तक मुकदमा ही दर्ज हो सका है। कर्मचारियों ने कहा कि जब तक उक्त लोगों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती, धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। इस दौरान सचिव नवीन चंद्र पाठक, मोहित बिष्ट, जेपी वर्मा, एमसी जोशी, एमएल वर्मा, पीएस डीनिया, गायत्री किशोर, अनिल कुमार, पंकज खोलिया, त्रिलोचन पुनेठा, दीपा सेठी आदि मौजूद रहे।


