
चम्पावत(आरएनएस)। नेपाल सीमा से लगे पंचेश्वर स्थित सरयू नदी किनारे विस्फोटक सामग्री मिलने के बाद पुलिस सक्रिय हो गई है। एसपी ने पुलिस और एसएसबी को लगातार पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए हैं। एसपी अजय गणपति ने बताया कि बीते दिन एसएसबी जवानों को सरयू नदी किनारे विस्फोटक सामग्री मिली थी। इसके बाद पुलिस को एसएसबी के साथ मिलकर सभी गतिविधियों पर नजर बनाए रखने को कहा। पंचेश्वर कोतवाल इंद्रजीत सिंह ने बताया कि लोकसभा चुनाव को देखते हुए लोगों को जागरुक किया जा रहा है। शुक्रवार को भी कई लोगों से विस्फोटक मिलने के मामले में पूछताछ की गई। पंचेश्वर क्षेत्र के लोगों ने पुलिस से बाहरी क्षेत्र से आए किराए पर रह रहे व्यक्तियों के सत्यापन की मांग उठाई।

