
रुद्रपुर। क्षेत्र की एक महिला से शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण का मामला सामने आया है। महिला के पति की करीब पांच माह पहले मृत्यु हो चुकी है। शादी का दवाब बनाने पर आरोपी ने अपने दो भाइयों और अन्य लोगों के साथ महिला के घर में घुसकर उससे मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। सोमवार को थाना क्षेत्र के गांव की महिला ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि उसकी दो वर्ष की पुत्री है। पति की मृत्यु के बाद ससुरालियों ने उसे घर से निकाल दिया। वह अपने मायके रह रही हैं। कहा ग्राम ध्यानपुर निवासी जसवीर सिंह ने उससे शादी का प्रस्ताव रखा। बच्ची के भविष्य को देखते हुए उसने हां कर दी। जसवीर उसको लगातार शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करता रहा। बताया जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया तो जसवीर ने 21 मई को अपने भाई कर्म सिंह, सुखदेव सिंह और छीछू प्रधान के साथ घर में घुसकर उससे मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। बताया परिजनों और ग्रामीणों के पहुंचने से आरोपी मौके से भाग खड़े हुए। थानाध्यक्ष देवेंद्र गौरव ने बताया कि नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

