
देहरादून(आरएनएस)। मजदूरी के तीन हजार रुपये मांगने पर रिश्तेदारों ने घर में घुसकर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में महिला, उसके पति और तीन बेटों को गंभीर चोटें आई हैं। एक बेटे के सिर में 12 टांके लगे हैं, जबकि दूसरे को छत से नीचे नदी में फेंक दिया गया। पीड़िता की शिकायत पर शहर कोतवाली पुलिस ने बुधवार को केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शीला देवी ने कोर्ट अपील करते हुए बताया कि उनके बेटे राजू ने मसूरी में कबाड़ी का काम करने वाले रिश्तेदार धर्मेंद्र साहनी व अन्य के पास मजदूरी की थी। इसके तीन हजार रुपये बकाया थे। 15 दिसंबर 2025 की रात नौ बजे जब शीला ने फोन कर पैसे मांगे तो धर्मेंद्र, बबीता, नेहा और किशन मसूरी से दून आ धमके। आरोपियों ने लाठी-डंडों व चाकू से हमला कर दिया। हमले में शीला के पति की छाती की हड्डी फ्रेक्चर हुई। बेटे राजू को छत से नदी में फेंक दिया। दूसरे बेटे राहुल के सिर पर धारदार हथियार से वार किया गया, जिससे उसे 12 टांके आए और रॉड से पैर तोड़ दिया। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी भाग निकले। रात 11 बजे आरोपियों ने मसूरी और सेलाकुई से कुछ लोग बुलाकर दोबारा हमला बोल दिया। घर का मीटर और सामान तोड़ दिया और तीसरे बेटे राजा की गर्दन पर कुल्हाड़ी रखकर मारने की कोशिश की। दहशत में परिवार ने रात 2:30 बजे दून अस्पताल भागकर जान बचाई। शहर कोतवाल केसी भट्ट ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर धर्मेंद्र, बबीता, नेहा, किशन व अन्य अज्ञात आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
