
अल्मोड़ा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की अल्मोड़ा इकाई द्वारा विश्वविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों की सुविधा एवं सहायता के लिए संचालित हेल्पडेस्क का सोमवार को लगातार 20वें दिन भी सफलतापूर्वक संचालन किया गया। हेल्पडेस्क के माध्यम से प्रथम सेमेस्टर एवं स्नातकोत्तर प्रवेश, ऑनलाइन पंजीकरण, शुल्क जमा, दस्तावेज़ सत्यापन, विषय चयन सहित विश्वविद्यालय से जुड़ी विभिन्न प्रक्रियाओं में आने वाली समस्याओं का समाधान करते हुए विद्यार्थियों को निःशुल्क मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान किया गया। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने हेल्पडेस्क पर पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान कराया और परिषद के इस सेवा कार्य की सराहना की।
परिषद के कार्यकर्ताओं ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद केवल छात्र समस्याओं को लेकर संघर्ष करने वाला संगठन ही नहीं, बल्कि सेवा और समाधान के माध्यम से विद्यार्थियों के साथ सदैव खड़ा रहने वाला संगठन है। उनका कहना था कि विद्यार्थी हित सर्वोपरि है और परिषद प्रत्येक छात्र-छात्रा तक सहायता पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
नगर मंत्री रोहित कुमल्टा ने कहा कि एबीवीपी अल्मोड़ा इकाई केवल प्रवेश प्रक्रिया के दौरान ही नहीं, बल्कि पूरे वर्ष नियमित रूप से हेल्पडेस्क लगाकर विद्यार्थियों की सहायता करती है। उन्होंने कहा कि जब तक प्रवेश एवं पंजीकरण प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती और विद्यार्थियों को आवश्यकता रहेगी, तब तक यह सहायता अभियान निरंतर जारी रहेगा। परिषद का उद्देश्य है कि विश्वविद्यालय का कोई भी विद्यार्थी जानकारी के अभाव में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करे।
इस दौरान नगर मंत्री रोहित कुमल्टा, जिला संयोजक राहुल कनवाल, परिसर मंत्री ऋतिक नेगी, दीपक राठौर, कृष्णा कार्की, साहिल नेगी, गौरव चौहान, अखिल बेरी, गौरव जोशी, भास्कर जोशी, दीक्षा रौतेला, चंदा, ज्योति शर्मा, नेहा लटवाल सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

