
हल्द्वानी (आरएनएस)। नैनीताल पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई में ऊधमसिंह नगर की एक महिला को 203 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया है। न्यायालय में पेशी के बाद उसे जेल भेज दिया गया है।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने गुरुवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मुखबिर की सूचना पर रामपुर रोड क्षेत्र में पुलिस और एसओजी की टीम ने अभियान चलाया। इस दौरान बेलबाबा मंदिर से करीब डेढ़ सौ मीटर आगे एक महिला संदिग्ध हालत में पैदल आती दिखाई दी। पुलिस ने उसे रोककर बैग की तलाशी ली, जिसमें 203 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान 40 वर्षीय कनिका निवासी शिवनगर, ट्रांजिट कैंप, ऊधमसिंह नगर के रूप में हुई है। बरामद स्मैक की कीमत करीब 60 लाख रुपये आंकी गई है।
पूछताछ में सामने आया कि महिला बिलासपुर के एक सप्लायर से मांग के अनुसार स्मैक लेकर आई थी और इसे मोटे कमीशन पर वनभूलपुरा क्षेत्र में सप्लाई करना था। पुलिस के मुताबिक आरोपी पहले भी हल्द्वानी में स्मैक की सप्लाई कर चुकी है।
पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों और मुख्य सप्लायर की तलाश में जुटी हुई है।

