
देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने प्रदेश के दस जिलों में नए केंद्रीय विद्यालय खोलने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा है। शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने गुरुवार को बजट सत्र के दौरान प्रश्नकाल में यह जानकारी दी।
विधायक आदेश चौहान के प्रश्न के उत्तर में शिक्षा मंत्री ने बताया कि देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, टिहरी, चमोली, उत्तरकाशी, ऊधमसिंह नगर, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में केंद्रीय विद्यालय स्थापित करने के प्रस्ताव तैयार किए गए हैं। उन्होंने कहा कि जसपुर में केंद्रीय विद्यालय खोलने का प्रस्ताव भी केंद्र सरकार को भेजा गया है। इन सभी विद्यालयों की स्थापना नीतिगत विषय है, जिस पर अंतिम स्वीकृति केंद्र सरकार को देनी है।
विधायक बृजभूषण गैरोला के प्रश्न पर शिक्षा मंत्री ने बताया कि अटल उत्कृष्ट विद्यालयों की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने के लिए सेवा नियमावली तैयार की जा रही है। उन्होंने स्वीकार किया कि इन विद्यालयों में प्रवक्ता और एलटी शिक्षकों के 820 पद खाली हैं, जिन्हें बोर्ड परीक्षाएं समाप्त होने के बाद भरा जाएगा। साथ ही प्रधानाचार्यों और खंड शिक्षा अधिकारियों को अधिक अधिकार देने पर भी विचार किया जा रहा है।
स्कूलों में कंप्यूटर शिक्षा को लेकर कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश और भाजपा विधायक महेश जीना के सवालों के जवाब में मंत्री ने कहा कि फिलहाल कंप्यूटर शिक्षकों की नई नियुक्तियां नहीं की जाएंगी। पहले से कार्यरत शिक्षकों को ही कंप्यूटर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य के 110 संस्कृत विद्यालयों में से केवल 37 में ही कंप्यूटर शिक्षा उपलब्ध है।
शिक्षकों की पदोन्नति से जुड़े प्रश्न पर मंत्री ने कहा कि माध्यमिक विद्यालयों में रिक्त पदों पर विभागीय भर्ती परीक्षा सुप्रीम कोर्ट के अंतिम निर्णय के बाद ही आयोजित की जाएगी। वहीं विधायक सुरेश गड़िया के छात्रवृत्ति संबंधी प्रश्न के उत्तर में उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों में 21 हजार से अधिक विद्यार्थियों को 17.67 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति वितरित की गई है।
क्लस्टर स्कूल योजना को लेकर मंत्री ने स्वीकार किया कि माध्यमिक स्तर पर अभी तक किसी भी विद्यालय का विलय नहीं हो पाया है, जबकि प्राथमिक स्तर पर केवल उत्तरकाशी में नौ विद्यालयों का विलय किया गया है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2023 में सरकार ने कम छात्र संख्या वाले स्कूलों को नजदीकी बड़े विद्यालयों में मिलाने के उद्देश्य से क्लस्टर स्कूल योजना शुरू की थी।

