
अल्मोड़ा। सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत रविवार को नगर क्षेत्र में स्थानीय नागरिकों और टैक्सी चालकों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव, महिला एवं बाल सुरक्षा, नशे के दुष्प्रभाव तथा विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में यातायात निरीक्षक हयात सिंह ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों के प्रति जागरूकता और उनका पालन सुरक्षित जीवन की कुंजी है। कार्यक्रम के दौरान लोगों को सड़क पर यातायात संकेतों का पालन करने, वाहन को बाईं ओर चलाने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने तथा वैध ड्राइविंग लाइसेंस के बिना वाहन न चलाने के प्रति जागरूक किया गया। यातायात निरीक्षक ने गुड सेमेरिटन योजना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि सड़क दुर्घटना पीड़ितों की सहायता करने वाले व्यक्तियों को कानूनी संरक्षण और विभिन्न अधिकार प्रदान किए गए हैं। उन्होंने लोगों से दुर्घटना की स्थिति में घायलों की मदद के लिए आगे आने की अपील की। इस दौरान साइबर अपराधों से बचाव के उपाय, महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े पहलुओं, नए आपराधिक कानूनों तथा डायल 112, साइबर हेल्पलाइन 1930, मानस हेल्पलाइन 1933 और आपदा हेल्पलाइन 1070 के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से सतर्क और जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।
