
ऋषिकेश। गंगा दशहरा के लिए बनाया गया पुलिस का ट्रैफिक प्लान शनिवार को वीकेंड पर पर्यटक वाहनों का भारी दबाव बढ़ने पर फेल हो गया। हरिद्वार-ऋषिकेश राष्ट्रीय राजमार्ग पर नेपाली फार्म से भद्रकाली और ब्रह्मपुरी तक वाहनों का लंबा जाम लगा रहा। जाम के चलते खदरी रेलवे क्रासिंग से ऋषिकेश पहुंचने में दो से ढाईं घंटे लगे, जबकि सामान्य दिनों में 25 मिनट में यह सफर तय होता है। जाम और ऊपर से चिलचिलाती धूप से लोग झुंझलाते नजर आए।
मैदानी इलाके दिल्ली, एनसीआर, गुडगांव, पंजाब में भीषण गर्मी का प्रकोप है। लिहाजा राहत पाने को वहां से लोग रिवर राफ्टिंग, कैंपिंग के लिए तीर्थनगरी ऋषिकेश पहुंच रहे हैं। खासकर शनिवार, रविवार वीकेंड पर ज्यादा पर्यटक उमड़ रहे हैं। शनिवार को सुबह से ही भारी संख्या में पर्यटकों की आमद से ट्रैफिक व्यवस्था ध्वस्त हो गई। हरिद्वार-ऋषिकेश राष्ट्रीय राजमार्ग पर नेपाली फार्म से खदरी रेलवे क्रासिंग, आईडीपीएल सिटी गेट, कोयल घाटी तिराहा, जयराम आश्रम चौराहा, घाट चौक, चंद्रभागा पुल तिराहा से लेकर तपोवन ब्रह्मपुरी तक वाहनों का लंबा जाम रहा। हरिद्वार की ओर से आने वाले यात्री वाहनों का रूट हरिद्वार बाईपास मार्ग पर डायवर्ट किया गया था । हाईवे और बाइपास मार्ग पर पयर्टक वाहनों का ज्यादा दबाव बढ़ने से ट्रैफिक प्लान फेल हो गया। बदहाल ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए ट्रैफिक पुलिस और होमगार्ड के जवान जद्दोजहद करते रहे, लेकिन बेलगाम ट्रैफिक देर शाम तक पटरी पर नहीं आया।
संपर्क मार्ग भी वाहनों से पैक रहे
शनिवार को वीकेंड पर ऋषिकेश में हाईवे और बाईपास मार्ग तो वाहनों से पैक रहे ही, शहर के अंदरूनी संपर्क मार्गों पर भी जाम रहा। रेलवे रोड, प्रगति विहार, आशुतोषनगर मार्ग, संयुक्त यात्रा बस अड्डा मार्ग पर डीएल, एचआर, यूपी नंबर के वाहनों के घुसने से जाम की समस्या रही। संपर्क मार्गों पर जाम के चलते पैदल चलना भी मुश्किल रहा।
बिगड़ रहा वाहनों का माइलेज
लंबे जाम में फंसने के कारण वाहनों का माइलेज भी बिगड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि दून मार्ग पर आशुतोषनगर तिराहा से नटराज चौक तक और रेलवे रोड पर रेलवे स्टेशन से डीजीबीआर तक लंबा जाम लगने से दुपहिया वाहन सवार भी जाम में फंसे रहे। बार-बार ब्रेक लगाने, स्पीड बढ़ाने और जाम में इंजन को चालू रखने की मजबूरी से वाहनों का माइलेज भी बिगड़ रहा है। इसका सीधा असर जेब पर पड़ता है। एक लीटर पेट्रोल की जगह दो से ढाई लीटर पेट्रोल खर्च हो जाता है।

