
अल्मोड़ा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से शनिवार को ‘देवभूमि के बुजुर्गों का मान, विधिक सेवा का सम्मान’ अभियान के तहत उत्तराखंड पूर्व सैनिक भवन, कचहरी बाजार में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के निर्देश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्रीकांत पांडेय के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनामिका सिंह ने वरिष्ठ नागरिकों को नालसा (वरिष्ठ नागरिकों के लिए विधिक सेवाएं) योजना-2016, माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम-2007 तथा नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 की जानकारी दी। शिविर में पैनल अधिवक्ता इमरोज खान, मनोज सिंह बृजवाल और प्रेम राम आर्य ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, निःशुल्क विधिक सहायता की प्रक्रिया तथा कानूनी अधिकारों के संबंध में जानकारी दी। साथ ही सर्वोच्च न्यायालय, नई दिल्ली में 21, 22 और 23 अगस्त को आयोजित होने वाले समाधान समारोह (विशेष लोक अदालत) की जानकारी भी दी गई। इस दौरान वरिष्ठ नागरिकों को जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित किए गए। शिविर में अधिकार मित्र सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।
