
अल्मोड़ा। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ अभियान के तहत द्वाराहाट पुलिस ने एक जनरल स्टोर में अवैध रूप से शराब बेचने और परोसने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से देशी शराब और अन्य सामान बरामद किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के के निर्देश पर जिले भर में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक द्वाराहाट विनोद जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शुक्रवार को अलमिया-बिन्ता क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान पुष्कर सिंह निवासी ग्राम अलमिया, बिन्ता अपनी जनरल स्टोर की दुकान में अवैध रूप से शराब बेचते और लोगों को शराब पिलाते हुए पाया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चार सीलबंद बोतल देशी शराब माल्टा, एक आधी खुली बोतल, दो डिस्पोजल गिलास तथा एक आधी भरी प्लास्टिक की पानी की बोतल बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कोतवाली द्वाराहाट में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
