
अल्मोड़ा। समाज कल्याण विभाग उत्तराखंड और उत्तराखंड वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद के संयुक्त तत्वावधान में हल्द्वानी में आयोजित वरिष्ठ नागरिक खेल एवं सम्मान कार्यक्रम में प्रतिभाग के लिए अल्मोड़ा की फुटबॉल टीम को बुधवार को रवाना किया गया। रघुनाथ सिटी मॉल से जिलाधिकारी अंशुल सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चन्द्रशेखर घोड़के ने टीम को हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिता के लिए विदा किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों में खेल भावना को बढ़ावा देना और उनके योगदान का सम्मान करना है। टीम में जंग बहादुर थापा, मनोज सनवाल, आशीष वर्मा, अनुप साह, डॉ. जे.सी. दुर्गापाल, नरेन्द्र सिंह, राजेन्द्र प्रसाद गुरूरानी, कमालउद्दीन, करन सिंह मर्तोलिया, हीरा सिंह रावत और नरेन्द्र सिंह बिष्ट सहित अन्य खिलाड़ी शामिल हैं। इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी शैलेन्द्र पाण्डे, टीम कोच हरीश कनवाल और विभागीय कर्मचारी भी मौजूद रहे।

