
ऋषिकेश(आरएनएस)। आईडीपीएल की लीज अवधि खत्म होने के बाद वन भूमि को कब्जे में लेने के लिए वन विभाग कार्रवाई में जुटा है। अब तक 833 एकड़ जमीन में 502 एकड़ जमीन को विभाग कब्जे में ले चुका है। जिस भूमि पर टाउनशिप आदि है, वहां हाईकोर्ट में मामला का निपटने के बाद विभाग ने कार्रवाई शुरू करने की बात कही है। बताया जा रहा है कि विभाग का फोकस आईडीपीएल के भीतर बसी कृष्णानगर कॉलोनी पर है। अधिकारी कॉलोनी को हटाने के लिए पहले कार्रवाई कर सकते हैं। रेंजर देवेंद्र पुंडीर ने बताया कि वन भूमि को कब्जे में लेने की प्रक्रिया जारी है। वन भूमि की तारबाड़ भी की जा रही है। हाईकोर्ट में मामला विचाराधीन है। दिशा-निर्देश मिलते ही टाउनशिप और अन्य को भी खाली कराया जाएगा।

