
उत्तरकाशी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी और टिहरी गढ़वाल जिलों में सोमवार तड़के भूकंप के झटके महसूस किए गए। उत्तरकाशी में भूकंप की तीव्रता 4.2 और टिहरी गढ़वाल में 2.0 रही। उत्तरकाशी में तेज झटकों के कारण लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए, जबकि टिहरी में हल्के झटके महसूस किए गए। दोनों जिलों में फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
उत्तरकाशी में रात 1:21 बजे हिली धरती
उत्तरकाशी जिले में सोमवार तड़के करीब 1:21 बजे भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। यमुना और गंगा घाटी समेत जिले के कई क्षेत्रों में धरती हिलने से लोग घबरा गए और आनन-फानन में घरों से बाहर निकल आए। कई लोगों ने अपने परिजनों और आसपास रहने वाले लोगों को फोन कर भूकंप की जानकारी ली।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार उत्तरकाशी में आए भूकंप की तीव्रता 4.2 रही और इसका केंद्र जमीन से करीब 10 किलोमीटर नीचे था। भूकंप का केंद्र उत्तरकाशी जिले में बड़कोट तहसील मुख्यालय के समीप राजगढ़ी क्षेत्र के आसपास बताया गया है। तेज झटकों के बावजूद जिले में फिलहाल किसी भवन को नुकसान पहुंचने या किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है।
टिहरी के कीर्तिनगर और घनसाली में भी महसूस हुए झटके
टिहरी गढ़वाल के कीर्तिनगर और घनसाली क्षेत्र में भी सोमवार तड़के भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार टिहरी में भूकंप की तीव्रता 2.0 रही और इसकी गहराई करीब पांच किलोमीटर थी। कम तीव्रता के कारण यहां भी किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
भूकंप के झटकों के बाद दोनों जिलों में प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखी। संबंधित क्षेत्रों से भवन क्षति या किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।
