
रुद्रपुर(आरएनएस)। भूसे से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से हुई फैक्ट्री कर्मी की मौत के बाद आरोपी चालक ने अपने दो रिश्तेदारों के साथ मिलकर शव को एक किमी दूर नहर में फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया है, जबकि उसके दोनों रिश्तेदार अभी फरार हैं। सोमवार को किच्छा कोतवाली में घटना का खुलासा करते हुए कोतवाल प्रकाश सिंह दानू ने बताया कि 42 वर्षीय रामवीर सिंह पुत्र समरपाल सिंह निवासी मिर्जापुर बकैना, जनपद बिजनौर यूपी की 8 अप्रैल की रात ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से मौत हो गई थी। रामवीर इंटार्क फैक्ट्री में फिटर का काम करता था। शुक्रवार को उसका शव घटनास्थल से एक किलोमीटर दूर किशनपुर रोड स्थित नहर में मिला था। पुलिस ने भाई यशदेव की तहरीर पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ केस दर्ज किया था। पुलिस ने सोमवार को आरोपी ट्रैक्टर चालक चांद शाह पुत्र भूरे शाह निवासी घुर शमशपुर धौरा टांडा, भोजीपुरा, जिला बरेली को चुकटी देवरिया के पास से गिरफ्तार किया है। जबकि घटना में शामिल उसका साढ़ू बबलू हाजी पुत्र हसन अली निवासी सिरौली कलां, पुलभट्टा और दामाद शाहिद अली पुत्र नन्हे शाह निवासी घुर शमशपुर धौरा टांडा, भोजीपुरा, जिला बरेली फरार हैं। पुलिस पूछताछ में चांद शाह ने बताया कि ओवरटेक करते समय ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया, जिससे रामवीर को टक्कर लग गई। हादसे के बाद उसने अपने साढ़ू और दामाद की मदद से शव को कार की डिग्गी में रखकर किशनपुर स्थित सरिया मिल रोड पर नहर में फेंक दिया और ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर फरार हो गए। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है। कोतवाल ने बताया कि मुकदमे में धारा 3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक किच्छा प्रकाश सिंह, उप निरीक्षक जयप्रकाश, उनि. बसन्त प्रसाद, हेका. दीपक चौहान, कांस्टेबल मदन नाथ, सुरेन्द्र भंडारी, दीपक बोरा आदि रहे।

