
विकासनगर(आरएनएस)। शिवनगर बस्ती के समीप स्वारना नदी में तेज बहाव के चलते नदी किनारे बने एक कच्चे मकान का अगला हिस्सा बह गया। मकान में परिवार के फंसे होने की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला। शिवनगर बस्ती में नदी किनारे बने मकान में मंजूदेवी पत्नी लक्ष्मण सिंह और अंजिला पत्नी पवन अपने परिवार के साथ रह रही थीं। रविवार को बारिश के कारण स्वारना नदी का जलस्तर बढ़ने और तेज बहाव के चलते मकान का एक हिस्सा बह गया, जिससे बाहर निकलने का रास्ता भी बाधित हो गया। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक परिवार को मकान से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि मकान के समीप पक्का निर्माण किए जाने से आने-जाने का रास्ता भी काफी संकरा हो गया है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया एक व्यक्ति ने यहां कथित रूप से अवैध कब्जा कर पक्का निर्माण किया है, जिसके चलते बरसात के दौरान राहत और आवागमन में भी परेशानी हो रही है। हालांकि, इस आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना की जानकारी मिलने पर जनप्रतिनिधियों के साथ क्षेत्रीय विधायक सहदेव पुंडीर भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों से नदी के तेज बहाव को देखते हुए नदी किनारे नहीं जाने और सावधानी बरतने की अपील की। विधायक ने जल्द ही नदी किनारे सुरक्षा के लिए पुस्ता निर्माण कराने का आश्वासन भी दिया।

