
अल्मोड़ा। शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके ने गुरुवार को नगर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने थाना बाजार, कचहरी बाजार, लाला बाजार, नंदा देवी क्षेत्र, एलआर साह रोड, माल रोड स्थित शिखर तिराहा, टैक्सी स्टैंड, केमू स्टेशन और चौघान पाटा सहित विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अल्मोड़ा योगेश चंद्र उपाध्याय को निर्देशित किया कि संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में संदिग्ध एवं अराजक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाए। उन्होंने पिकेट ड्यूटी, पैदल गश्त और मोबाइल गश्त को और सघन करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके और आम लोगों को सुरक्षित वातावरण मिल सके। निरीक्षण के दौरान प्रभारी निरीक्षक योगेश चंद्र उपाध्याय, एलआईयू इंस्पेक्टर मनोज भारद्वाज सहित अन्य पुलिस कर्मी भी मौजूद रहे।

