
श्रीनगर गढ़वाल(आरएनएस)। हेमकुंड साहिब यात्रा के दौरान कुछ निहंग सिखों पर यातायात नियम तोड़ने और हुड़दंग करने के आरोपों को लेकर शुक्रवार को श्रीनगर में विरोध प्रदर्शन हुआ। स्थानीय युवाओं और गढ़वाल विश्वविद्यालय के विभिन्न छात्र संगठनों ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मामले में बिना भेदभाव के निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई की मांग की। छात्र नेताओं का आरोप है कि स्थानीय लोगों पर तुरंत कार्रवाई होती है, जबकि बाहरी राज्यों से आने वाले नियम तोड़ने वालों पर ढिलाई बरती जाती है। उन्होंने कहा कि कानून सभी के लिए समान होना चाहिए। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि उत्तराखंड सभी श्रद्धालुओं का स्वागत करता है, लेकिन अराजकता और बदतमीजी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं होगी। उन्होंने चेतावनी दी कि राज्य में कहीं भी मर्यादा भंग करने वालों का छात्र संगठन विरोध करेंगे। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कुलदीप सिंह ने कहा कि विशेष टीमें बनाकर सघन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। कानून तोड़ने और शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
