
अल्मोड़ा। उत्तराखंड सरकार के संस्कृति विभाग की ओर से आयोजित ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व–विशेष निःशुल्क ट्रेन यात्रा 2026’ के तहत रविवार रात अल्मोड़ा से 40 चयनित श्रद्धालुओं का दल देहरादून के लिए रवाना हुआ। रोडवेज बस स्टेशन से विधायक मनोज तिवारी, मेयर अजय वर्मा, दर्जा राज्य मंत्री गंगा बिष्ट और मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा दल को रवाना किया। अल्मोड़ा से रवाना हुए श्रद्धालु देहरादून पहुंचेंगे, जहां उत्तराखंड के सभी 13 जनपदों से आए 40-40 श्रद्धालुओं का समागम होगा। इसके बाद हर्रावाला (देहरादून) से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर गुजरात स्थित प्रथम ज्योतिर्लिंग भगवान सोमनाथ धाम के लिए रवाना करेंगे। इस अवसर पर उत्तराखंड के सभी 13 जिलों से पवित्र जल से भरे कलश भी सोमनाथ धाम भेजे जाएंगे। विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक यात्रा के दौरान यात्रियों के लिए वातानुकूलित रेल यात्रा, आवास, भोजन और स्थानीय परिवहन की संपूर्ण व्यवस्था राज्य सरकार की ओर से निःशुल्क की गई है। यात्रा में महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, युवाओं, सीमांत क्षेत्रों के नागरिकों, स्वयंसेवकों, कलाकारों, स्ट्रीट वेंडरों, गिग वर्कर्स, विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों तथा जनसेवा से जुड़े लोगों को शामिल किया गया है। राज्य सरकार का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों को देश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत से जोड़ना है।


