
अल्मोड़ा। आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम और प्री-एसआईआर की प्रगति की समीक्षा के लिए सोमवार को कलेक्ट्रेट में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी युक्ता मिश्र ने की। बैठक में युक्ता मिश्र ने सभी राजनीतिक दलों से अपने-अपने स्तर पर बूथ लेवल एजेंट प्रथम और बूथ लेवल एजेंट द्वितीय की नियुक्ति शीघ्र सुनिश्चित करने को कहा, ताकि मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य को पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में राजनीतिक दलों की सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है। समीक्षा के दौरान बताया गया कि जनपद की छह विधानसभा क्षेत्रों में वर्तमान में 5 लाख 32 हजार 944 मतदाता पंजीकृत हैं। प्री-एसआईआर के तहत अब तक 95.57 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग पूरी कर ली गई है, जिसे संतोषजनक प्रगति माना जा रहा है। जिन बूथों पर यह कार्य अपेक्षित गति से नहीं हो पाया है, वहां राजनीतिक दलों से बूथ लेवल अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर शेष कार्य शीघ्र पूरा कराने में सहयोग करने को कहा गया। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध और त्रुटिरहित होना लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी संबंधित पक्षों से समन्वय और सहभागिता के साथ इस कार्य को समयबद्ध ढंग से पूरा करने की अपेक्षा जताई। बैठक में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी भरत सिंह रावत सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।


