
पिथौरागढ़। जनपद को सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त बनाने और ठोस कचरा प्रबंधन व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इसकी सप्लाई चेन को तोड़ना जरूरी है और निर्माता, वितरक तथा उपयोगकर्ताओं के खिलाफ लगातार चालानी कार्रवाई की जाए।
बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने उच्च न्यायालय नैनीताल के दिशा-निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से कहा कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान चलाने और इसमें सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा आम जनता की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में नगर निकायों और ग्रामीण क्षेत्रों में कूड़ा निस्तारण के लिए चिन्हित स्थलों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि कचरा प्रबंधन के लिए उपयुक्त स्थलों का चयन प्राथमिकता के आधार पर किया जाए और इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने जनपदभर में बड़े स्तर पर स्वच्छता अभियान संचालित करने के भी निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि स्वच्छता संबंधी सभी गतिविधियों को नियमित रूप से स्वच्छतम पोर्टल पर अपलोड किया जाए तथा समयबद्ध रिपोर्टिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने नगर निकायों एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लिए आवश्यक उपविधियां (बायलॉज) तैयार करने, कूड़ा निस्तारण स्थलों का नियमित निरीक्षण करने और निगरानी व्यवस्था मजबूत बनाने के भी निर्देश दिए।

